
Mumbai Lockdown: मुंबई में लॉकडाउन का डर! मजदूरों का गांव जाना शुरू, अफवाहों का बाजार गर्म.
मुंबई में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या 20 हजार से अधिक आने की वजह से जो लॉकडाउन लगाए जाने की आशंका बढ़ी है, उसे लेकर मुंबई महानगरपालिका आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने अब सफाई दी है. उन्होंने कहा है कि मुंबई में फिलहाल लॉकडाउन की जरूरत नहीं है.
देशभर में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है. महाराष्ट्र में पिछले चौबीस घंटे में 40 हजार से ज्यादा केस (Corona in maharashtra) सामने आए इनमें से 20 हजार से अधिक कोरोना केस तो अकेले मुंबई से (Corona in mumbai) सामने आ रहे हैं. कुछ दिनों पहले मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर और बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि जिस दिन से मुंबई में हर रोज़ 20 हजार से अधिक केस सामने आने लगेंगे, उसी दिन से तुरंत मुंबई में लॉकडाउन (Lockdown in mumbai) लगा दिया जाएगा. ऐसे में लोगों के मन में यह आशंका बढ़ गई है कि मुंबई में लॉकडाउन अब लगभग तय है. इसी डर की वजह से एक बार फिर मुंबई से प्रवासी मजदूरों ने अपने गांव की ओर कूच करना शुरू कर दिया है.


